ताइवान की कंपनी यूपी में करेगी 1,141 करोड़ रुपये का निवेश, 1,150 से अधिक रोजगार के अवसर होंगे सृजित

रमेश चंद्र वर्मा/लखनऊ/ संदेश महल समाचार

उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। ताइवान की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी ने प्रदेश में एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेंसर मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में लगभग 1,141 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। इस परियोजना से प्रदेश में 1,150 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज लखनऊ में ताइवान की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कंपनी के चेयरमैन यूजीन हुआंग ने उत्तर प्रदेश में निवेश की योजना प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित निवेश पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के लिए कंपनी को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
प्रस्तावित परियोजना के माध्यम से 1,150 से अधिक नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इनमें स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन क्षेत्र के पेशेवरों के लिए 200 से अधिक उच्च कौशल वाले रोजगार शामिल हैं।
यह निवेश उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, आधुनिक तकनीक और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।