जेपी रावत/लखनऊ /संदेश महल /समाचार 
जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने आज गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में उत्सव का उद्घाटन किया।लोकनायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह उत्सव 26 नवंबर तक चलेगा। इसमें देश के 12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार अपनी पारंपरिक कला, लोकनृत्य, संगीत और वाद्ययंत्रों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की विविधता प्रस्तुत करेंगे।आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए 25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इससे दर्शकों को विभिन्न देशों की सांस्कृतिक परंपराओं और लोककलाओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। आयोजकों का उद्देश्य जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना और विभिन्न राज्यों एवं देशों के कलाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।यह आयोजन लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक कलाओं के माध्यम से सांस्कृतिक एकता एवं जनजातीय गौरव का संदेश देगा।