5 दिसंबर को होगी ग्राम सभा, विद्यालय और सरकारी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

भटाना रेवदर सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
मकावल ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरपंच प्रमोद कुमार चौधरी ने वार्ड पंचों की बैठक बुलाकर आगामी पांच दिसंबर को होने वाली ग्राम सभा की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने सभी वार्ड पंचों से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं और जरूरी विकास कार्यों के प्रस्ताव लिखित रूप में मांगे, ताकि ग्राम सभा में उन पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए जा सकें।
सरपंच ने कहा कि गांव का समग्र विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ ग्राम सभा में रखा जाए। वार्ड पंच अपने क्षेत्र की सड़क, पेयजल, सफाई, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की सूची तैयार कर पंचायत को सौंपें। बैठक में वार्ड पंचों को अलग-अलग विभागों से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गई।

बैठक के बाद सरपंच ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम सभा की सूचना प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए पंचायत क्षेत्र में कार्यरत आशा सहयोगिनियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। सरपंच ने पंचायत क्षेत्र में रह रहे बाहरी लोगों की जानकारी जुटाने और उनका पुलिस सत्यापन कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में उपसरपंच चतराराम मेघवाल, वार्ड पंच श्रवण पुरोहित, सूजराम रबारी, अमशा देवी, जोराराम, प्रवीण सिंह, मनाराम, पूरन सिंह, जीतू सैन, भेराराम प्रजापत, खंगार मेघवाल, बाबूलाल भील, गणेश हीरागर, बूटड़ी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
वार्ड पंचों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। सरपंच ने आश्वासन दिया कि ग्राम सभा में सभी विकास प्रस्तावों पर प्राथमिकता से चर्चा कर उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा।