फतेहपुर बाराबंकी संदेश महल
बाराबंकी जनपद के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गुरसेल गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश का विवाद एक बार फिर खूनी रूप ले बैठा। गांव के ही एक युवक ने अपने पड़ोसी पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
खेत से लौटते समय किया गया हमला
जानकारी के अनुसार, घायल युवक लालचंद (30) पुत्र रामलखन सुबह खेत में दवा छिड़ककर घर लौट रहा था। जैसे ही वह साढ़ेमऊ नहर पुल के पास पहुंचा, तभी गांव के ही एक युवक ने पुराने विवाद के चलते उस पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही लालचंद मौके पर गिर पड़ा, जबकि हमला करने वाला युवक फरार हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर फतेहपुर थाना पुलिस तुरंत पहुंची और घायल को एंबुलेंस से फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिशें शुरू कर दी हैं।थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित से बयान लिए जा रहे हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।