दहेज उत्पीड़न में पति सहित ससुराल पक्ष पर केस दर्ज दस माह पूर्व हुई थी शादी

हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार
जनपद मैनपुरी भोगांव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम नवविवाहिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नगर के मोहल्ला पढ़ुआ रोड स्थित एक घर में शिवा उर्फ अनुप्रिया का शव फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शादी के बाद से चल रहा था दहेज विवाद

मृतका के पिता राजेश कुमार निवासी नवादा, थाना एलाऊ ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, बेटी शिवा की शादी 2 मार्च 2025 को सुमित से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर रहा था और इसी को लेकर शिवा पर मानसिक दबाव बनाया जाता था।
राजेश कुमार ने बताया कि शिवा कई बार फोन पर अपनी प्रताड़ना मायकेवालों को बताती थी। आरोप है कि मौत से एक दिन पहले भी दहेज को लेकर उसका पति व ससुराल वालों से विवाद हुआ था, जिससे तनाव बढ़ गया।

पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पिता की तहरीर के आधार पर पति सुमित सहित ससुराल पक्ष के कई सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।