सीतापुर संदेश महल समाचार
जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र के राठौरपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेत में नित्यक्रिया को गई युवती को बाघ ने मां की आंखों के सामने दबोच लिया और उठा ले गया। मां प्रेमा चीखती-चिल्लाती रह गई, लेकिन बेटी को बचा न सकी। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई है।
गांव निवासी कामिनी (18) अपनी मां के साथ सुबह करीब 6 बजे खेत गई थी। तभी अचानक झाड़ियों से निकला बाघ कामिनी पर टूट पड़ा। प्रेमा ने पूरी कोशिश की कि बेटी को छुड़ा सके, लेकिन बाघ गले में दबोचकर उसे जंगल की ओर खींच ले गया। मां वहीं खड़े-खड़े कांपती रह गई।

ग्रामीणों ने बताया कि मौके से कुछ दूरी पर कामिनी की चप्पलें पड़ी मिली हैं। लेकिन बाघ उसे गहरे जंगल में ले गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंजों के निशान की दिशा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।