कैंसर पीड़ित परिवार के बच्चों की पढ़ाई के लिए आगे आई आदेश सेवा संस्थान

हीराराम सैन
सिरोही राजस्थान संदेश दिया
भटाना क्षेत्र के निकट स्थित ठी बड़ी गांव निवासी रबारी दलाराम की पत्नी कैंसर से पीड़ित हैं और उनका उपचार चल रहा है। लंबे समय से चल रहे इलाज के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई, जिसके चलते उनके तीन बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही थी और उनकी पढ़ाई रुकने का खतरा पैदा हो गया था।इस स्थिति की जानकारी मिलने पर भटाना की आदेश सेवा संस्थान के संस्थापक संजय ओघड़ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने बच्चों की बकाया फीस की व्यवस्था कर उसे स्कूल में जमा करवाया, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।
वहीं आदर्श विद्यालय भटाना के प्रबंधक ने भी मानवीय पहल करते हुए पीड़ित परिवार की आधी फीस माफ कर दी। इस सहयोग से बच्चों की पढ़ाई जारी रह सकेगी और परिवार को बड़ी राहत मिली है।पीड़ित परिवार ने आदेश सेवा संस्थान और विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक संजय ओघड़ ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा रुकने नहीं दी जाएगी। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था करने की बात कही।