अज्ञात वाहन की टक्कर से वन्य जीव की मौत, विश्व हिंदू परिषद और वन विभाग ने किया सम्मानजनक अंतिम संस्कार

सूरतगंज (बाराबंकी) संदेश महल समाचार
सूरतगंज में कोऑपरेटिव बैंक के सामने सुबह एक बंदर की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दृश्य देख स्थानीय लोगों में दुःख और आक्रोश दोनों देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी चंदन सिंह रैकवार, अजय, शीलू, अर्जुन, अंकित द्विवेदी, नीलू मिश्रा और किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। साथ ही वन विभाग से चंदू, महेश, अनीस, डीके व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हालांकि मौके पर स्थानीय पुलिस की अनुपस्थिति देखी गई, लेकिन वन विभाग की टीम ने जिम्मेदारी संभालते हुए बंदर के पार्थिव शरीर को उठाया और समाजसेवियों के सहयोग से पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ फूल-मालाओं से अंतिम संस्कार किया गया।
स्थानीय लोगों ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए प्रशासन से अपील की है कि सड़क पर तेज़ रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि इस तरह की दुःखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह घटना न केवल एक जानवर की मृत्यु की त्रासदी है, बल्कि समाज में वन्यजीवों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की मिसाल भी बनी।