हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ 5 अति आधुनिक पिस्तौलों समेत दो गिरफ्तार

दलबीर सिंह
चंडीगढ़/अमृतसर संदेश महल
पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हथियार तस्करी के एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को पांच अति-आधुनिक पिस्तौलों समेत गिरफ्तार किया है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित अरोड़ा (25) निवासी गिलवाली गेट, अमृतसर और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (24) निवासी गांव मीराकोट कलां, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और दो .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे। ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप सीमा पार से भेजी जाती थी, जिसे आरोपी अपने हैंडलरों के निर्देश पर आगे सप्लाई करते थे। पूरे नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों की गहन जांच जारी है।
पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध ऑपरेशन चलाकर पहले रोहित अरोड़ा को गिरफ्तार किया। वह गैंगस्टर सोनू कंगला का करीबी बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक ग्लॉक और दो .30 बोर पिस्तौल बरामद की गईं।
पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर दूसरे आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को भी दो ग्लॉक पिस्तौलों समेत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ लूट-छीन, जेल एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई मामले दर्ज हैं। दोनों ‘इजी मनी’ के लालच में नशा और हथियार तस्करी में सक्रिय थे।
इस संबंध में थाना गेट हकीमा, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 6, 7 और 8 के तहत एफआईआर संख्या 33, दिनांक 06-02-2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।