बेलदार टोला नई बस्ती में महीनों से नहीं उठ रहा कूड़ा, बीमारी का खतरा बढ़ा

अविनाश कुमार सिंह
नानपारा बहराइच संदेश महल
राजा बाजार पुलिस चौकी के पीछे बेलदार टोला नई बस्ती के लोग कूड़ा न उठने से बेहद परेशान हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार सुपरवाइजर और यहां के सभासद से फोन व मौखिक रूप से की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

लोगों का कहना है कि कॉलोनी के अन्य हिस्सों से तो नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाता है, लेकिन इस जगह पर कूड़ा उठाने गाड़ी नहीं आती। परिणामस्वरूप यहां एक-एक महीने तक कूड़ा पड़ा रहता है। सड़कों और गलियों में गंदगी के ढेर जमा हैं, जिससे बदबू फैल रही है और बीमारी फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गंदगी के कारण खाना-पीना भी मुश्किल हो गया है। आए दिन इस वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में तुरंत सफाई कराई जाए और नियमित रूप से कूड़ा उठवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।