दीपू सिंह
मैनपुरी संदेश महल समाचार
भोगांव क्षेत्र में शिक्षक के घर हुई लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना रविवार रात रुई स्थित पानी की टंकी के पास हुई, जहां पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय व एसओजी प्रभारी गगन कुमार गौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना नंबर की बाइक से आ रहे दो युवकों को रोकने का इशारा किया। रोकने के बजाय दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक युवक को गोली लगी और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। मौके पर ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार युवकों ने अपने नाम अयान और फईम बताए। तलाशी में उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दोनों को जेल भेज दिया।
इस दौरान थाना प्रभारी पीके पांडेय, सर्विलांस प्रभारी गगन कुमार गौड़, कस्बा प्रभारी दिलीप गुप्ता सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।