सीतापुर संदेश महल
अटरिया थाना क्षेत्र के विशेसुरपुर गांव निवासी सोनू (27) का शव बृहस्पतिवार सुबह छावन गांव के निकट एक आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार सोनू मंगलवार को खैराबाद थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में रिश्तेदारी में गया था। बुधवार शाम परिजनों से फोन पर बातचीत के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। मोबाइल फोन बंद होने पर परिजन चिंतित हो गए और तलाश शुरू की। देर रात करीब तीन बजे अटरिया थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने छावन गांव स्थित आम के बाग में सोनू का शव फंदे से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल की जांच की।घटनास्थल के पास सोनू की बाइक खड़ी मिली। बाइक के समीप चूहे मारने वाली दवा के तीन पैकेट पड़े मिले, जबकि शव के पास पानी की एक बोतल भी बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।