मैनपुरी संदेश महल
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एकतरफा प्यार की सनक ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। कक्षा 12 के एक छात्र ने अपनी ही शिक्षिका पर धारदार हथियार से हमला कर उनके दोनों होंठ काट दिए। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को आगरा रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना कोतवाली क्षेत्र की है। आरोप है कि अखंड प्रताप सिंह नाम का छात्र लंबे समय से अपनी शिक्षिका को परेशान कर रहा था। वह स्कूल परिसर में छेड़छाड़ करता और अश्लील हरकतें करता था। इसकी शिकायत शिक्षिका ने परिजनों से लेकर पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) तक में की थी। छात्र की मां ने उस समय बेटे के व्यवहार में सुधार का भरोसा दिलाया था, लेकिन हालात नहीं बदले।
स्कूल बदलने पर भी नहीं छोड़ा पीछा
छात्र की हरकतों से तंग आकर शिक्षिका ने आगरा रोड स्थित निजी स्कूल छोड़ दिया और ज्योति रोड स्थित दूसरे स्कूल में नौकरी करने लगीं। इसके बाद भी आरोपी छात्र उनका पीछा करता रहा। आए दिन रास्ते में रोककर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था।
रास्ते में रोककर किया हमला
बताया जा रहा है कि जब शिक्षिका ने आरोपी का विरोध किया तो उसने खौफनाक कदम उठा लिया। रास्ते में रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उनके दोनों होंठ काटकर अलग कर दिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश
इस मामले में शिक्षिका के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।