झांसापुरवा में मुख्यमंत्री योगी का आगमन: तैयारियां पूरी, प्रशासन सतर्क

बाराबंकी/फतेहपुर, संदेश महल समाचार।
फतेहपुर क्षेत्र के झांसापुरवा गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे। पूरे दिन प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा रहा।

कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, सभा स्थल व्यवस्था, हैलीपैड की तैयारी, रैंप निर्माण और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के आसपास सफाई का कार्य तेज गति से पूरा किया गया। मौके पर एसडीएम कार्तिकेय सिंह और सीओ जगतराम कनौजिया लगातार निरीक्षण करते रहे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सोमवार को डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम निरंकार सिंह तथा सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। कुछ बिंदुओं पर पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए।

स्थानीय विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा भी झांसापुरवा पहुंचे और अधिकारियों संग तैयारियों का जायजा लिया।

रूट डायवर्जन रात 10 बजे से लागू

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सोमवार रात 10 बजे से क्षेत्र में रूट डायवर्जन लागू होगा।

रामनगर मार्ग पर भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा।

बड्डूपुर, सीतापुर, कुर्सी और महमूदाबाद की ओर जाने वाले छोटे वाहन पटेल चौराहा – देवा मार्ग – बाबाकुटी – बेलहरा मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे।

बड्डूपुर-भगोली मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को बाबाकुटी की ओर भेजा जाएगा।

फतेहपुर, सूरतगंज, रामनगर और देवा की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को भगोली नहर पुल – बाबाकुटी – बेलहरा की दिशा में मोड़ा जाएगा

गांव में उत्साह, स्वागत की तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। गांव की सड़कों की सफाई, बिजली-पानी की व्यवस्था और स्वागत तैयारियों से झांसापुरवा को विशेष रूप से सजाया गया है।

स्थानीय कार्यकर्ता राम सिंह ने बताया, “योगी जी के आने से पूरे गांव और जिले में खुशी की लहर है। लोग बड़ी उम्मीदों के साथ उनका इंतजार कर रहे हैं।”

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा शिलान्यास किए गए महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज का उद्घाटन भी कर सकते हैं।

कार्यक्रम रुपरेखा

सुबह 10:00 बजे: हेलीकॉप्टर से झांसापुरवा आगमन

10:05 बजे: बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण

10:10 बजे: विभागीय योजनाओं के स्टालों का निरीक्षण

10:18 बजे: सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पण

10:20 बजे: राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

10:22 बजे: विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा का स्वागत उद्बोधन

10:27 बजे: राज्य मंत्री सतीश शर्मा का संबोधन

10:32 बजे: विकास कार्यों पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन

10:34 बजे: विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

10:36 बजे: लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और चेक वितरण

10:45 बजे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनसभा संबोधन