कौमी एकता के प्रतीक देवा मेले की धूम, कवि सम्मेलन से लेकर सूफी नाइट तक खास कार्यक्रम

शिव शंकर शुक्ला
बाराबंकी संदेश महल समाचार
कौमी एकता के प्रतीक देवा मेले की तैयारियां इस बार भी पूरे शबाब पर हैं। मेला सचिव एवं एडीएम अरुण कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि इस बार मेला कई खास प्रस्तुतियों का गवाह बनेगा। इंडियन आइडल विजेता गायक सलमान अली अपनी मधुर आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे, वहीं सूफी गायिका ज्योति नूरान अपने सूफियाना गीतों की महफ़िल सजाएँगी।

साहित्यिक मंच पर भी रंग बिखरेंगे। कवि सम्मेलन में कवि शंभू शिखर व्यंग्य-हास्य से लोगों को गुदगुदाएँगे तो कवियित्री मणिका दुबे, कृति चौबे और गजेंद्र सिंह प्रियांशु श्रृंगार रस की धार बहाएँगे।

मेले का उद्घाटन 8 अक्टूबर को परंपरागत रूप से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की धर्मपत्नी शैलजा त्रिपाठी शेख मोहम्मद हसन गेट पर फीता काटकर करेंगी। वहीं समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक की धर्मपत्नी संपदा विजयवर्गीय मुख्य अतिथि होंगी।

कार्यक्रमों की झलक

8 अक्टूबर: उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और बिरहा कार्यक्रम।

9 अक्टूबर: हॉकी प्रतियोगिता, स्कूली बच्चों के कार्यक्रम व पहली बार बॉडी बिल्डिंग शो।

10 अक्टूबर: हॉकी मैच, चादर अर्पण व सीरतुन्नबी कार्यक्रम।

11 अक्टूबर: सांई भजन, किशोर चतुर्वेदी का कार्यक्रम।

12 अक्टूबर: दंगल, कबड्डी, बैडमिंटन व क्रिकेट, लोकगीत और कवि सम्मेलन।

13 अक्टूबर: कॉमेडी व विविध प्रस्तुतियाँ।

14 अक्टूबर: खेलकूद, सूफी नाइट।

15 अक्टूबर: रंगायन ग्रुप का नाट्य, भोजपुरी गायन और मुशायरा (शबीना अदीब, जौहर कानपुरी, ताहिर फराज आदि शायर)।

16 अक्टूबर: हॉकी प्रतियोगिता का समापन, बैडमिंटन फाइनल और मेगा नाइट में सलमान अली का लाइव शो।

सुरक्षा व्यवस्था

मेले को सुरक्षा की दृष्टि से 5 जोन और 23 सेक्टरों में बाँटा गया है। एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि लगभग 2000 पुलिस व पीएसी जवान, एलआईयू व सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 150 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर निगरानी होगी। फायर ब्रिगेड की पाँच गाड़ियाँ भी मौजूद रहेंगी।