संदेश महल
हरगाँव (सीतापुर) अवध शुगर एण्ड एनर्जी लिमिटेड परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। पड़ोसी जनपद लखीमपुर खीरी के बेहजम विकास खंड के विभिन्न विद्यालयों से लगभग सौ छात्र-छात्राओं ने इस शैक्षिक भ्रमण में उत्साहपूर्वक भाग लिया।खण्ड शिक्षा अधिकारी देवेश राय के निर्देशन में पहुंचे बच्चों का मिल के मुख्य द्वार पर एचआर मैनेजर देवेन्द्र सिंह ने स्वागत किया और सुरक्षा की दृष्टि से सभी को हेलमेट उपलब्ध कराए। इसके बाद विद्यार्थियों को गन्ने की प्राप्ति से लेकर चीनी निर्माण तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया क्रमबद्ध रूप से दिखाते हुए तकनीकी जानकारियाँ सरल भाषा में समझाई गईं। आधुनिक मशीनों, प्रसंस्करण इकाइयों और पैकेजिंग व्यवस्था को देखकर छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साहित नजर आए।भ्रमण के उपरांत बच्चों को जलपान कराया गया तथा उनके अनुभव साझा कराए गए। कार्यक्रम का समापन ब्लॉक संसाधन केंद्र बेहजम में हुआ। इससे पूर्व मंगलवार प्रातः बीईओ देवेश राय ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर एआरपी राजीव सेंगर, जगदीश मिश्र, एकाउंटेंट अमित गुप्ता, रामप्रकाश भार्गव, रोमा गुप्ता, मोहिनी,श्यामकिशोर,सौम्या, रोशनी, शांती,आब्जू,अंशिका सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित रहे।