हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है ईद-उल-फित्र का त्योहार

लखनऊ संदेश महल
प्रदेश भर में आज ईद-उल-फित्र का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रमज़ान के पवित्र महीने के बाद आने वाला यह त्योहार भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम भाइयों ने एकत्र होकर नमाज अदा की और देश में अमन शांति और खुशहाली के लिए दुआ की। नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। लखनऊ में ईद की मुख्य नमाज़ दारुल उलूम नदवतुल उलेमा, ऐशबाग ईदगाह, बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद और टीले वाली मस्जिद में अदा की गई। ऐशबाग स्थित ईदगाह में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने नमाजियों से मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। प्रदेश में कई स्थानों पर ईद पर लगने वाले मेलों का आयोजन भी किया जा रहा है। उधर, हमीरपुर, चित्रकूट, कानपुर, महोबा, रायबरेली, अमरोहा, शामली, हापुड़ इटावा और गोरखपुर सहित विभिन्न जनपदों में ईद-उल-फित्र की नमाज अदा की गई। ईद की नमाज के दौरान प्रषासन ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये थे। वहीं, मथुरा में शाही जामा मस्जिद सहित सदर बाजार की मस्जिदों मे नमाजियों ने नमाज अदा की ईद को लेकर सुबह से ही मुस्लिम समाज के बच्चे बुजुर्ग और युवाओं में काफी उत्साह उमंग खुसी देखते ही बन रही रही थी। नवीन पारंपरिक लिबास में नमाजी शहर की शाही ईदगाह मस्जिद शाही जामा मस्जिद-सदर बाजार की मस्जिदों सहित वृंदावन के मथुरा दरवाजा क्षेत्र स्थित शाही जामा मस्जिद एवं गौरा नगर कॉलोनी स्थित मदीना मस्जिद में मुस्लिम भाइयों ने ईद की नमाज अदा कर नमाजियों ने अल्लाह से देश मे अमन चैन व खुशहाली की दुआ मांगी और एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मस्जिदों पर राजनीतिज्ञ और प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों ने भी मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद के साथ मिलजुलकर रहने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-फ़ित्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ईद के पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।