रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
कौड़ियाला नदी में भरथापुर के पास हुए भीषण नाव हादसे को 21 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब भी तीन लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। प्रशासनिक स्तर पर लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है, परंतु अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है। लापता लोगों में दो बच्चे और एक वयस्क व्यक्ति शामिल हैं।
सोमवार को भी लापता लोगों की खोज की उम्मीद में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन नदी तट पर पहुंचे। पीएसी और स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए जा रहे तलाश अभियान को घंटों तक देखते रहे। लेकिन शाम ढलने तक भी जब कुछ जानकारी नहीं मिली, तो सभी मायूस होकर लौट गए।
थाना अध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि पीएसी टीम की पांच मोटर बोट रोजाना कौड़ियाला और गेरुआ नदी के पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नदी के दोनों किनारों, रेत के टापुओं और गहरे हिस्सों को खंगाला जा रहा है।अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, ऑपरेशन जारी रहेगा अधिकारियों ने स्पष्ट किया।तीन परिवारों की आंखें अब भी अपने प्रियजनों के लौटने की उम्मीद में लगी हुई हैं। हादसे के बाद से ही गांव में मातम और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी की तेज धारा और पानी का बढ़ा हुआ स्तर तलाश अभियान को कठिन बना रहा है।