पटाखा फैक्ट्री में धमाका, दो की मौत कई घायल, आसपास के मकानों में आईं दरारें

बाराबंकी संदेश महल
राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सराय बरई गांव स्थित पटाखा फैक्ट्री में लगभग 2 बजे जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भयंकर था कि दो लोगों के शरीर के चीथड़े उड़ गए, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की गूंज दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई, और आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री और पास के कुछ घरों में आग लग गई, जिससे हालात और भयावह हो गए।

सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे, लेकिन लगातार हो रहे छोटे-छोटे विस्फोटों के कारण कर्मी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मृतक और घायल

हादसे में खुर्शीद और ईश्वरदीन (निवासी रूदौली) की मौत हुई है।
खालिद, वारिस, निर्मल, समसुद्दीन और सलमान गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें से कुछ को लखनऊ और अयोध्या रेफर किया गया है।

विस्फोट इतना भयंकर कि शरीर के टुकड़े खेतों में गिरे

एक व्यक्ति का शव फैक्ट्री से 100 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला, जिसकी आंतें बाहर आ गई थीं। ग्रामीणों के अनुसार, धमाका सुनते ही लोग खेतों की ओर भागे तो चारों ओर धुआं और मलबा बिखरा पड़ा था।

लाइसेंसधारी फैक्ट्री में हादसा, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

जिला प्रशासन ने बताया कि फैक्ट्री के पास पटाखा निर्माण और भंडारण का वैध लाइसेंस था, जो 31 मार्च 2026 तक मान्य है। एसडीएम अनुराग सिंह ने कहा कि दीपावली से पहले टीम ने निरीक्षण किया था, सब कुछ सामान्य था।
आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने बताया कि लाइसेंस के तहत केवल 15 किलो पटाखा भंडारण की अनुमति थी। हादसा कैसे हुआ— बीड़ी-सिगरेट या किसी अन्य कारण से— इसकी जांच फॉरेंसिक टीम कर रही है।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल : पहले भी की गई थी शिकायतें

स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में पहले भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होता रहा है। कई बार शिकायतें देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विस्फोट के बाद छोटे-छोटे धमाके लंबे समय तक जारी रहे।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लिया घटनास्थल का जायजा

डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी अर्पित विजयवर्गीय और आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और घायलों के उपचार में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

पुलिस ने क्षेत्र को सील किया, ग्रामीणों से दूरी बनाए रखने की अपील

फायरकर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाने के बाद फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया है। पुलिस ने माइक से घोषणा कर ग्रामीणों से अपील की कि वे घटनास्थल से दूर रहें, क्योंकि मलबे में अभी भी बारूद और आतिशबाजी सामग्री पड़ी हो सकती है।

फिलहाल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। प्राथमिक रूप से माना जा रहा है कि फैक्ट्री में अधिक मात्रा में पटाखे स्टोर थे, जिससे यह हादसा हुआ।जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।