मुरादाबाद संदेश महल
मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झाँसा देकर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का मुरादाबाद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना नाइजीरियाई नागरिक समेत दो नेपाली महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन पर कई राज्यों में साइबर ठगी के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद की एक शिक्षिका को इस गिरोह ने अपने जाल में फँसाया। नाइजीरियाई नागरिक ने खुद को एनआरआई डॉक्टर बताकर महिला से संपर्क किया और भरोसा जीत लिया। इसके बाद विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का झाँसा देकर महिला से करीब 95 लाख रुपये ठग लिए।
जाँच में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के खिलाफ देश के 18 राज्यों से अब तक 37 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि यह गैंग शादी की वेबसाइटों पर फर्जी प्रोफाइल बनाता था और खुद को डॉक्टर, इंजीनियर या बड़े अधिकारी बताकर महिलाओं को निशाना बनाता था।
एसपी मुरादाबाद सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि आरोपी लंबे समय से सक्रिय थे और महिलाओं को प्रेम व शादी का झाँसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।
पुलिस ने आम जनता को चेतावनी देते हुए कहा है कि ऑनलाइन डेटिंग या शादी की वेबसाइटों पर किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जानकारी और पहचान की पुष्टि अवश्य करें। किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर क्राइम सेल से संपर्क करने की अपील की गई है।