सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
समेकित शिक्षा के अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बाराबंकी एवं खंड शिक्षा अधिकारी सूरतगंज के निर्देशानुसार प्राथमिक विद्यालय करनपुर स्थित बीआरसी सूरतगंज में सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हो गई। प्रशिक्षण में दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, देखभाल तथा समावेशी शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर शिक्षकों को जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर शिवम कुमार ने दिव्यांगता के कारण, उसके प्रकार और निवारण के साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग की प्रमुख योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यशाला में विभागीय कैंप, सहायक उपकरण, दैनिक क्रिया कौशल तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। साथ ही प्रशिक्षुओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें व्यवहारिक सुझाव दिए गए।

विशेष शिक्षक रितु पटेल ने श्रवण बाधित बच्चों के लिए साइन लैंग्वेज, एलिम्को कैंप, स्टाइपेंड और एस्कॉर्ट सुविधा की जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और उनका सामाजिक व शैक्षिक समावेशन शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने ऐसे बच्चों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द प्रताप सिंह ने उत्कृष्ट शैक्षिक सहयोग के लिए पूर्व एआरपी अजीत प्रताप सिंह, मास्टर ट्रेनर शिवम कुमार, एआरपी भूपेंद्र प्रताप सिंह तथा संकुल शिक्षक दिव्या त्रिवेदी (मोहड़वा) को शील्ड देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द प्रताप सिंह, पवन कुमार सिंह, शिवा सिंह, अंशुमान राय, दिलीप कुमार, अम्बुज वर्मा, स्वाति शुक्ला, अंकित गुप्ता, एकता वर्मा, सत्यप्रकाश, शकील अहमद, महफूजुर्रहमान सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।