कछवाहनपुरवा गांव में फूड प्वाइजनिंग, 24 से अधिक लोग बीमार

पीएन सिंह
बाराबंकी संदेश महल
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के कछवाहनपुरवा गांव में गुरुवार रात आयोजित छठी कार्यक्रम के दौरान फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया। भोजन करने के बाद 24 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी शिवराज सिंह के यहां पारिवारिक छठी कार्यक्रम था। रात में भोजन करने के कुछ समय बाद कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते पुष्पा देवी, तान्या (14), विमल सिंह (24), शिवम सिंह (22), कन्हैया सिंह (80), ममता सिंह (45), संतोष सिंह (30), महेश सिंह (45), सत्यम सिंह (18), ऋषभ सिंह (11), मोहन (30), सुधा सिंह (35), पूर्वी (12), गुड्डी सिंह (30), बिट्टू सिंह (32), रजनी सिंह (15), अनुराग सिंह (10), ननकई सिंह (33), धन्नू सिंह (76), मोहित सिंह (32), रेखा सिंह (33), रिया सिंह (14), शिवानी सिंह (18), त्रिलोकी सिंह (50), मीरा देवी (25) और सिमरन (14) समेत दो दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़ गए।
सुबह हालत गंभीर होने पर त्रिलोकी सिंह, मीरा देवी और सिमरन को तत्काल फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू किया गया। अन्य मरीजों का उपचार गांव में ही कराया गया।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अवनीश चौधरी मेडिकल टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने करीब 24 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर दवाएं वितरित कीं। ग्रामीणों को साफ-सफाई बरतने और किसी भी लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की हिदायत दी गई।
डॉ. चौधरी ने बताया कि सभी मरीजों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। प्रारंभिक तौर पर भोजन खराब होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।