दिनदहाड़े एक ही परिवार के चार लोगों की ईंट से कुचलकर हत्या

एटा संदेश महल
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगला प्रेमी में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी, पुत्रवधू और नातिन शामिल हैं। वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब कक्षा पांच में पढ़ने वाला 12 वर्षीय देवांश स्कूल से घर लौटा और खून से सने परिजनों के शव देख उसकी चीख निकल गई।
मोहल्ला नगला प्रेमी निवासी गंगा सिंह (75), उनकी पत्नी श्यामा देवी (70), पुत्रवधू रत्ना (42) और नातिन ज्योति (20) की ईंट से कुचलकर हत्या की गई। घर के अंदर बेड और फर्श पर खून से लथपथ शव पड़े मिले। श्यामा देवी का सिर बुरी तरह फटा हुआ था।
देवांश ने बताया कि सोमवार को वह रोज की तरह स्कूल गया था। दोपहर करीब दो बजे छुट्टी के बाद जब घर पहुंचा तो नीचे कमरे में बाबा लेटे दिखाई दिए। उसने अम्मा, मम्मी और दीदी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ऊपर कमरे में पंखा चलने की आवाज आ रही थी, जिसे देखकर उसे शक हुआ। जब वह ऊपर गया तो कमरे का भयावह दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। सभी खून से लथपथ पड़े थे।
घबराया हुआ देवांश बाहर निकलकर सामने रहने वाले जसवीर सिंह के घर पहुंचा और पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया गया कि परिवार में बुजुर्ग और बीमार सदस्य होने के कारण घर के मेन गेट का छोटा हिस्सा अक्सर खुला रहता था, जिसे बाहर से कुंडी लगाकर बंद किया जाता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी लापरवाही का फायदा उठाकर हत्यारे घर में घुसे।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल को बुलाया गया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस सामूहिक हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।