ऑटो चालक युवक की हत्या की आशंका आदमपुर पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी संदेश महल
आदमपुर थाना क्षेत्र में एक युवा ऑटो चालक के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद उसकी हत्या की आशंका से सनसनी फैल गई है। युवक बीते दस दिनों से घर नहीं लौटा है। परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया सट्टी निवासी 22 वर्षीय ऑटो चालक सन्नी सोनकर 28 जनवरी को अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था। दोस्तों ने उसे बिहार की सवारी मिलने की बात कहकर साथ चलने को कहा था। इसके बाद से सन्नी का कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों ने उसी समय आदमपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

ऑटो चालक सन्नी सोनकर

शनिवार को परिजनों को सूचना मिली कि सन्नी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई है। इस जानकारी के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने स्वयं जांच की कमान संभाल ली है। पुलिस ने परिजनों द्वारा बताए गए संभावित स्थानों पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। साथ ही घटना में संदिग्ध बताए जा रहे युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल युवक के परिजन अनहोनी की आशंका के बीच उसके सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।