गजोधर राजवंशी का शव खेत में पेड़ से लटका मिला, दो आरोपी फरार

कौशल
मिश्रिख सीतापुर संदेश महल
तहसील क्षेत्र के परसौली गांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। ग्राम वासी गजोधर राजवंशी (पिता – पवन राजवंशी) का शव देर रात उनके खेत में संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, गजोधर राजवंशी कल दिन में मौर्या जी की सीमेंट-मौरंग की दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही भोलू राजवंशी और संदीप राजवंशी वहां पहुंचे और गजोधर से अपने रुपए मांगे, जो उन्होंने कुछ दिन पहले दिए थे। गजोधर ने रकम लौटाने के लिए कुछ समय और मांगा, जिस पर दोनों आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह झगड़ा शांत कराया।

गजोधर ने घर लौटकर परिवार को पूरी घटना बताई और यह भी कहा कि भोलू और संदीप ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद वह रात में अपने खेत की ओर चले गए। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गजोधर का शव खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला। शव बिना कपड़ों के था, जिससे गांव में और अधिक आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गजोधर की हत्या कर शव को पेड़ से टांगा गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतापुर भेज दिया है। वहीं, आरोपी भोलू और संदीप राजवंशी मौके से फरार हो गए हैं।गांव में तनाव का माहौल है और परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।