किराये के एक मकान में चल रहा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुविधाओं का अभाव

“हीराराम सैन” सिरोही राजस्थान संदेश महल
जिले के भटाना के समीप पादर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर संचालित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इन दिनों गंभीर सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। विद्यालय करीब डेढ़ वर्ष से किराये के एक ही मकान में संचालित किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विद्यालय का पुराना भवन वर्ष 2024 में जर्जर घोषित कर दिया गया था, जिसके बाद वर्ष 2025 से विद्यालय को किराये के मकान में चलाना पड़ रहा है।वर्तमान में विद्यालय में लगभग 180 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन भवन के अभाव में कई बार बच्चों को पेड़ों के नीचे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। गर्मी और बारिश के मौसम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विद्यालय में शिक्षकों की भी भारी कमी है। यहां कुल 21 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में केवल 6 शिक्षक ही कार्यरत हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
विद्यालय के लिए भूमि आवंटन, बजट स्वीकृति और वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक नए भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। विद्यालय प्रशासन की ओर से ठेकेदार को 12 नवंबर 2025 को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ।इस संबंध में जब उच्च माध्यमिक के जिला शिक्षा अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने अपर जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने की बात कही। वहीं एडीपीसी कांतिलाल आर्य ने बताया कि भवन का डिजाइन चयनित होकर आ चुका है और अगले सात दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।