जेपी रावत संदेश महल
प्रदेश भर में होली पर्व को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल है। देर रात सभी जिलों में विधि-विधान के साथ होलिका दहन सम्पन्न हुआ। चंद्र ग्रहण के कारण अधिकांश स्थानों पर रंगों की होली कल खेली जाएगी। बाजारों में गुलाल, पिचकारी और मिठाइयों की खरीदारी को लेकर रौनक देखने को मिल रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर गोरखपुर में पारंपरिक भगवान नरसिंह की शोभायात्रा में शामिल होंगे। वे गोरखनाथ मंदिर में होलिका दहन की भस्म से तिलक कर रंगों के पर्व की शुरुआत करेंगे। मंदिर परिसर में फाग गीतों की प्रस्तुति भी होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री होली मिलन समारोह में शिरकत करेंगे।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी सभी से आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “होली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत बधाइयां। यह रंगों का त्योहार सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के दौरान बाबा विश्वनाथ को गुलाल अर्पित कर काशीवासी होली खेलने की परंपरागत अनुमति लेंगे। इसके बाद मंदिर परिसर में अबीर-गुलाल और फूलों की होली खेली जाएगी। मंदिर प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।भगवान राम की नगरी अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला का अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया जाएगा। दोपहर में मेवे, मिठाई और गुझिया का भोग अर्पित होगा। पुजारी भक्ति भाव से रामलला के साथ होली खेलकर पर्व का उल्लास मनाएंगे।
मथुरा और वृंदावन में भी होली को लेकर विशेष उत्साह है। श्री कृष्ण भूमि मंदिर और बांके बिहारी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में देश-विदेश से आए श्रद्धालु रंगोत्सव में भाग लेंगे। द्वारिकाधीश मंदिर में सुबह 10 से 11 बजे तक ठाकुर जी संग होली खेली जाएगी, जिसके बाद शाम को मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।जिला प्रशासन ने मथुरा-वृंदावन में सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पीएसी और विशेष बलों सहित करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले मंदिरों और प्रमुख चौराहों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में होली का आनंद ले सकें।रंगों, उमंग और भाईचारे के इस पर्व पर पूरा प्रदेश उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है।