बहराइच में खौफनाक कांड: मासूमों की हत्या कर सनकी ने लगाई घर में आग, छह लोगों की मौत

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल समाचार
जिले के एक गांव में ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक सनकी शख्स ने पहले दो मासूम बच्चों को गड़ासे से मौत के घाट उतारा और फिर अपने ही घर में आग लगा दी। इस आग में उसकी पत्नी, दो बेटियां और वह खुद भी जिंदा जलकर खत्म हो गया। हादसे में कुल छह लोगों की जान चली गई।

लहसुन की कटाई के बहाने बुलाया

पुलिस के मुताबिक आरोपी मौर्या ने गांव के दो मासूमों को लहसुन की कटाई में मदद के लिए अपने घर बुलाया। बच्चे जैसे ही अंदर आए, उसने अचानक गड़ासे से दोनों की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने घर को बाहर से बंद कर आग लगाने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में मौजूद मौर्या, उसकी पत्नी व दो बेटियां भी लपटों की भेंट चढ़ गए।

घर, ट्रैक्टर और मवेशी भी खाक

भीषण आग में न केवल पूरा मकान जलकर राख हो गया बल्कि घर के अंदर रखा ट्रैक्टर और मवेशी भी झुलसकर मर गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बचाया नहीं जा सका।

गांव में मातम, लोगों में दहशत

इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर आरोपी को इतना सनकी कदम उठाने पर क्या मजबूर किया। ग्रामीणों ने बताया कि मौर्या का व्यवहार पिछले कुछ समय से असामान्य था और वह मानसिक तनाव में रहता था।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

मृतकों में विजय मौर्य (40), उसकी पत्नी धीरज कुमारी (35), बड़ी बेटी टेड़वा (8) और छुटकी (6) के अलावा गांव के सूरज यादव (14), सनी वर्मा (14) शामिल हैं। गांव के लोगों ने बताया- विजय के एक बेटे की दो महीने पहले मौत हो चुकी है। जबकि, बड़ी बेटी कंचना मौर्य की शादी बिछिया ब्लॉक मुकेरिया गांव में हुई है।