अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या थाने पहुंचकर पति ने किया जुर्म कबूल

कानपुर संदेश महल
महाराजपुर थाना क्षेत्र के न्यू हाईटेक सिटी में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और रोते हुए इंस्पेक्टर को पूरी घटना बता दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सचिन भदौरिया (22) ने पुलिस को बताया कि उसने चार महीने पहले गांव की ही श्वेता सिंह से परिजनों के विरोध के बावजूद कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों सूरत चले गए थे, जहां सचिन ने प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी की, लेकिन एक माह बाद वह पत्नी के साथ वापस लौट आया। इसके बाद महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके में किराए पर कमरा लेकर रहने लगा और ऑटो चलाकर परिवार का खर्च चलाने लगा।
आरोपी के मुताबिक, उसे पत्नी के चरित्र को लेकर लंबे समय से शक था। शुक्रवार रात वह दोस्तों के साथ पार्टी में गया था और पत्नी को फोन कर घर न आने की बात कही थी। लेकिन रात करीब साढ़े 11 बजे वह अचानक घर पहुंच गया। शटर खोलकर ऊपर पहुंचा तो कमरे में पत्नी को दो युवकों के साथ देखकर आपा खो बैठा।
बताया जा रहा है कि इस दौरान विवाद बढ़ा और पड़ोसियों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को चौकी ले जाकर पूछताछ की। बाद में पुलिस ने सभी को घर जाने की हिदायत देकर छोड़ दिया और आपसी विवाद न बढ़ाने की सलाह दी।
आरोपी का आरोप है कि घर लौटने के बाद पत्नी से फिर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में उसने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद वह कई घंटे तक इधर-उधर भटकता रहा और फिर खुद को संभालते हुए महाराजपुर थाने पहुंच गया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची। कमरे में चारपाई पर कंबल में लिपटी श्वेता की लाश मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के स्वजन को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।