बर्फ विक्रेता की दिनदहाड़े सिर काटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बाराबंकी संदेश महल
जनपद के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के तराई इलाके में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। परसवाल गांव के पास दिनदहाड़े एक बर्फ विक्रेता की धारदार हथियार से सिर काटकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, पारा बेहटा गांव निवासी बबलू (21) रोज की तरह शनिवार दोपहर बर्फ बेचने निकले थे। इसी दौरान परसवाल गांव के पास उनका स्थानीय निवासी शंकर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर बबलू का सिर धड़ से अलग कर दिया।घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच में जुटी हुई है। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।