मिश्रिख नगर पालिका में आयकर विभाग की दबिश, दफ्तर में खंगाले जा रहे अभिलेख

सीतापुर संदेश महल
नगर पालिका परिषद में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब आयकर विभाग की टीम ने अचानक कार्यालय में पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम के पहुंचते ही कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।बताया जा रहा है कि आयकर विभाग के अधिकारी सुबह वाहनों के काफिले के साथ पालिका परिसर पहुंचे और सीधे कार्यालय कक्षों में प्रवेश कर अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। टीम ने मुख्य प्रवेश द्वार को अपने नियंत्रण में लेते हुए बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी।हाल ही में संपन्न उपचुनाव के बाद यहां नई अध्यक्ष ने कार्यभार संभाला है। उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामकृष्ण भार्गव की बहू सीमा भार्गव ने जीत दर्ज की थी। नई कार्यकारिणी के गठन के कुछ ही समय बाद हुई इस कार्रवाई को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।सूत्रों के अनुसार टीम पिछले कुछ समय में हुए टेंडरों, भुगतान वाउचर और आय-व्यय संबंधी अभिलेखों की बारीकी से जांच कर रही है। कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर किसी प्रकार की टिप्पणी नहीं की गई है।आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद नगर के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।