जेपी रावत
लखनऊ/बागपत संदेश महल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हाल ही में सम्पन्न राज्य मंत्रिमंडल की बैठक से हरी झंडी मिलते ही उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने योग और वेलनेस के वैश्विक मानचित्र पर राज्य को नई पहचान दिलाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में बागपत जिले में अंतरराष्ट्रीय योग केंद्र एवं वेलनेस सेंटर की स्थापना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटन विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रस्ताव आमंत्रित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय योग, साधना और वेलनेस परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में यह परियोजना एक ऐतिहासिक पहल साबित होगी।
मंत्री ने बताया कि बागपत में स्थापित होने वाला अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर न केवल सनातन योग परंपरा की आध्यात्मिक विरासत को सशक्त मंच प्रदान करेगा, बल्कि भारतीय जीवनशैली और समन्वित स्वास्थ्य दर्शन को भी विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने का माध्यम बनेगा।
पर्यटन निदेशालय द्वारा सेंटर के डिज़ाइन, वित्तपोषण, विकास, संचालन और रखरखाव सहित आध्यात्मिक व वेलनेस सुविधाओं के लिए अनुरोध-प्रस्ताव (RFP) के माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। निविदा जारी करने की तिथि 15 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।
यह परियोजना बागपत जिले के ग्राम हरिया खुर्द (पुरा महादेव) में 70.885 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जाएगी। यह केंद्र पश्चिमी उत्तर प्रदेश को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करेगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के समीप होने के कारण यह योग-साधकों, स्वास्थ्य पर्यटकों और कामकाजी पेशेवरों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
परियोजना से जहां एक ओर सतत पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश के पर्यटन परिदृश्य को नई दिशा देने वाली साबित होगी और उत्तर प्रदेश टूरिज्म पॉलिसी तथा बदलते वैश्विक यात्रा रुझानों के अनुरूप है, जहां योग और वेलनेस टूरिज्म तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
इस संबंध में प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत लागू किया जाएगा, जिससे पेशेवर प्रबंधन और उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह वेलनेस सेंटर बागपत को एक प्रमुख वेलनेस टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।