महाशिवरात्रि को लेकर मार्कण्डेय महादेव मंदिर व कैथी घाट का संयुक्त निरीक्षण

वाराणसी संदेश महल
महाशिवरात्रि पर्व–के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) कमिश्नरेट वाराणसी तथा जिलाधिकारी वाराणसी सत्येन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से मार्कण्डेय महादेव मंदिर, कैथी घाट एवं उससे जुड़े मार्गों का विस्तृत निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया।निरीक्षण का उद्देश्य पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, जल सुरक्षा तथा आपात स्थितियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों की गहन समीक्षा करना रहा। इस दौरान मंदिर परिसर, दर्शन पथ, प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, घाट क्षेत्र, पार्किंग स्थल, यातायात डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, जल पुलिस, नाव संचालन, चिकित्सा एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर एवं घाट क्षेत्र को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी एवं महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर सतत निगरानी करेंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भीड़ प्रबंधन को लेकर मंदिर परिसर में वन-वे दर्शन व्यवस्था को सख्ती से लागू करने, बैरिकेडिंग इस प्रकार करने कि किसी भी बिंदु पर भीड़ का दबाव न बने, तथा बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए पृथक सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था के संबंध में पूर्व निर्धारित डायवर्जन योजना को सख्ती से लागू करने, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर रोक लगाने तथा पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन कर आमजन को समय से सूचना देने के निर्देश दिए गए।कैथी घाट क्षेत्र में जल सुरक्षा को लेकर जल पुलिस, गोताखोर, रेस्क्यू बोट एवं लाइफ जैकेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, नाव संचालन पर नियंत्रण रखने तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। घाट क्षेत्र में निरंतर पेट्रोलिंग के भी आदेश दिए गए।इसके साथ ही मंदिर व घाट क्षेत्र में सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने, सभी कैमरों व कंट्रोल रूम को पर्व से पूर्व पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत व नगर निगम विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा, फायर टेंडर, प्रकाश व स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मंदिर के पुजारियों एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर दर्शन व्यवस्था, पूजन विधि, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं प्रशासन–मंदिर प्रबंधन समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई। पुजारियों व गणमान्य लोगों द्वारा दिए गए सुझावों पर प्रशासन ने गंभीरतापूर्वक विचार कर उन्हें जनहित में अपनाने का आश्वासन दिया।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट नितिन सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ विदूष सक्सेना सहित प्रशासन, पुलिस एनडीआरएफ व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।