कानपुर: ट्रेन में अपहरण का खुलासा, मासूम सकुशल बरामद

कानपुर संदेश महल
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने विक्रमशिला एक्सप्रेस में छापेमारी कर अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी बिहार का रहने वाला हेमंत कुमार था, और उसके पास एक साल का मासूम बच्चा सुरक्षित पाया गया। इस गिरफ्तारी ने दिल्ली में दर्ज अपहरण का मामला भी सुलझा दिया।
पुलिस के अनुसार, हेमंत कुमार दिल्ली में रहने वाली एक शादीशुदा युवती से प्रेम करता था। शुक्रवार को वह बिहार से दिल्ली पहुंचा और युवती से मिलने गया। बातचीत के दौरान उसने युवती को बिहार चलने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया। नाराज हेमंत ने खतरनाक कदम उठाया और बच्चे को खिलौना दिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले भागा।
बच्चे के अचानक गायब होने से युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तुरंत दिल्ली में हेमंत के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ट्रेन से बिहार की ओर जा रहा है।
इस सूचना के आधार पर कानपुर रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी किया गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने विक्रमशिला एक्सप्रेस में सघन जांच की। आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि आरोपी का हुलिया और फोटो पहले से साझा किया गया था। इसी आधार पर हेमंत कुमार को बच्चे के साथ हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
अगली सुबह दिल्ली पुलिस और बच्चे के परिजन कानपुर पहुंचे। बच्चा मां के हाथों में सौंपते ही उसके चेहरे पर सुकून और आंखों में आंसू साफ दिखाई दिए। वहीं, हेमंत कुमार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि थोड़ी सी सतर्कता और समय पर कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टाली जा सकती है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की सजगता और तत्परता की मिसाल पेश की।