बाराबंकी संदेश महल समाचार
मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान को गति देते हुए प्राथमिक विद्यालय मोहड़वा (विकासखंड सूरतगंज) की छात्राओं को शनिवार को थाना रामनगर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी ने छात्राओं को विस्तार से समझाते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में छात्राओं को सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें और हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करें।
थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, शिकायत लिखवाने का तरीका, पुलिस जांच की प्रारंभिक कार्यवाही और महिला सुरक्षा संबंधी विशेष प्रावधानों की जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा नंबर 112, तथा स्वास्थ्य आपात सेवा 108 के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन नंबरों की जानकारी प्रत्येक छात्रा को होनी चाहिए, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में बेझिझक मदद ले सकें।
इस अवसर पर दूरस्थ विद्यालय से प्रभारी प्रधानाध्यापिका दिव्या त्रिवेदी भी छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं। थानाध्यक्ष ने विद्यालय प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं को इस प्रकार के भ्रमण कार्यक्रमों से न केवल जागरूकता मिलती है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
थाना भ्रमण के दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे। छात्राओं ने यह जानने में रुचि दिखाई कि साइबर अपराध की शिकायत कहां और कैसे की जा सकती है, एफआईआर लिखवाने में किन बिंदुओं का ध्यान रखना चाहिए और पुलिस कार्यवाही की शुरुआत कैसे होती है। अधिकारियों ने सभी सवालों का उत्तर सरल और सहज भाषा में दिया।
कार्यक्रम के अंत में थानाध्यक्ष ने छात्राओं को जलपान कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने भी इस अनुभव को उपयोगी, जानकारीवर्धक और प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से उन्हें महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और तकनीकी युग में साइबर अपराध से बचाव की अहम जानकारी मिली।