बाराबंकी संदेश महल समाचार
प्रधानमंत्री सूर्याघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सौर ऊर्जा उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 4 हजार से अधिक घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।
योजना के तहत केंद्र सरकार 1 किलोवाट पैनल पर 30 हजार, 2 किलोवाट पर 60 हजार और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के पैनल पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी देती है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार भी क्रमशः 15 हजार, 30 हजार और 30 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक मदद उपलब्ध कराती है। इस तरह प्रत्येक परिवार को 45 हजार से लेकर 1.08 लाख रुपये तक की सहायता मिल रही है।
जिले में इस वर्ष 9 हजार घरों में ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि, अब तक 17 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 4 हजार से ज्यादा परिवार योजना का प्रत्यक्ष लाभ उठा चुके हैं।
परियोजना अधिकारी टीका राम के अनुसार, वर्तमान में जिले में लगभग 1.7 मेगावाट बिजली का उत्पादन सौर ऊर्जा से हो रहा है। सीडीओ और डीएम की अध्यक्षता में बने सोलर प्रकोष्ठ के जरिए योजना का प्रचार-प्रसार लगातार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें और स्वच्छ ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाएं।