बिजली बकाया वसूली अभियान तेज, ब्याज माफी योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

सूरतगंज क्षेत्र के कंदरवल खुर्द में घर-घर पहुंची टीम, अधिक बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे गए

सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
विद्युत उपकेंद्र सूरतगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदरवल खुर्द में बिजली विभाग द्वारा शासन के निर्देश पर विशेष विद्युत बकाया बिल वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को ब्याज माफी योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बकाया बिल शीघ्र जमा करने के लिए प्रेरित किया।
गांव में घर-घर पहुंची विद्युत टीम ने उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग की जांच की और जिन उपभोक्ताओं के बिल बकाया थे, उन्हें मौके पर ही भुगतान की प्रक्रिया समझाई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की ब्याज माफी योजना के तहत निर्धारित समयावधि में बकाया जमा करने पर उपभोक्ताओं को ब्याज में राहत दी जाएगी, जिससे उनका आर्थिक बोझ कम होगा।
अभियान का नेतृत्व जेई शैलेन्द्र कुमार यादव ने किया। उनके साथ अलीम इरशाद (डीजी टू) अंकित यादव (अप्रेंटिस), लाइनमैन लालता प्रसाद, अरविन्द कुमार (मीटर रीडर) सहित विद्युत विभाग की टीम सक्रिय रही। टीम ने उपभोक्ताओं को समय से बिल जमा करने के लाभ और बकाया बढ़ने से होने वाली असुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं के बिल लंबे समय से लंबित पाए गए, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की गई। अधिक बकाया रखने वाले कई उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से काटे गए, जिससे गांव में हड़कंप की स्थिति देखी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि बकाया जमा करते ही कनेक्शन पुनः जोड़े जाएंगे।विभाग का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से पहले जागरूकता और सुविधा प्रदान करना है, ताकि उपभोक्ता योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया का निस्तारण कर सकें। गांव में चलाए गए इस अभियान से उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ी है और कई लोगों ने मौके पर ही बिल जमा कर योजना का लाभ उठाने की पहल की।विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया बिल का भुगतान कर ब्याज माफी योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त करें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।