हीराराम सैन
सिरोही राजस्थान संदेश महल
देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को सिरोही जिले के नंदगांव क्षेत्र का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने नंदगांव स्थित गोशाला पहुंचकर विधि-विधान के साथ गौ पूजन किया तथा गोशाला परिसर की परिक्रमा कर गौसेवा की परंपरा को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत, गोभक्त तथा क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।अपने दौरे के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने गोशाला परिसर में निर्मित गो-गोपाल कॉरिडोर का लोकार्पण किया तथा नवनिर्मित गो-आवास का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर गौसंवर्धन और गोसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गौसेवा को विशेष स्थान प्राप्त है और ऐसे प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वामी दत्तशरणानंद महाराज के साथ समन्वय कार्यालय में गौसंवर्धन, गौशालाओं के विकास और गोसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा भी की। साथ ही श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा की केंद्रीय कार्यकारिणी के शपथग्रहण समारोह में भी भाग लिया।समारोह में संस्था के नव मनोनीत राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बिंदल, कार्यकारी अध्यक्ष रघुनाथ सिंह शिवतलाई तथा सीईओ आलोक सिंहल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।इस दौरान जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।