70 कोबरा और 16 रसल वाइपर, वन विभाग की छापेमारी में मिली बड़ी सफलता
रुड़की (हरिद्वार) संदेश महल
उत्तराखंड के रुड़की में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सर्प विष संग्रहण केंद्र पर छापा मारा। इस दौरान टीम को 86 जहरीले सांपों के साथ-साथ विष का बड़ा जखीरा भी मिला। बरामद किए गए सांपों में 70 कोबरा और 16 रसल वाइपर शामिल हैं।
मामला रुड़की के बाहरी इलाके में स्थित एक फार्महाउस का है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान पाया गया कि फार्महाउस को अवैध रूप से सर्प विष संग्रहण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। सांपों को छोटी-छोटी संदूकियों में बंद करके रखा गया था, और वहां विष निकालने का उपकरण भी मौजूद था।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह विष विदेशों में ऊंची कीमत पर बेचा जाता है और इसका इस्तेमाल अवैध दवाओं, नशे और कॉस्मेटिक उत्पादों में भी होता है। मौके से कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
डीएफओ ने बताया कि “यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है। इतने बड़े पैमाने पर जहरीले सांपों की बरामदगी से संकेत मिलता है कि यह एक संगठित गिरोह का काम है।
बरामद सभी सांपों को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वन विभाग अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।