सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा पत्नी व प्रेमी गिरफ्तार

बुलंदशहर संदेश महल
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। अवैध संबंधों में बाधक बन रहे पति की हत्या पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अज्ञात शव मिलने से शुरू हुई जांच

बीते 8 जनवरी को खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के अगवाल कट के पास एक खाली प्लॉट में अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उसकी पहचान के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया।
मृतक की पहचान के लिए बुलंदशहर सहित आसपास के जिलों गौतमबुद्धनगर, हापुड़, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, दिल्ली और हरियाणा में करीब दो हजार पर्चे वितरित किए गए। साथ ही सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच की गई।

मृतक की हुई पहचान

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान नीरज के रूप में की, जो पुरानी दिल्ली के कौशिक बिल्डिंग, पुरानी कौडली, थाना न्यू अशोक नगर का निवासी था। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर खुर्जा नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पत्नी और प्रेमी के अवैध संबंधों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में नीरज की पत्नी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि नीरज शराब का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। करीब 10–12 वर्ष पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान पिंटू नामक युवक से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
पत्नी के कहने पर पिंटू ने नीरज से दोस्ती कर ली और शराब पिलाने तथा काम दिलाने के बहाने उसके करीब आ गया। नीरज की बढ़ती शराबखोरी, घरेलू हिंसा और गहने बेचने की आदत से परेशान होकर दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच ली।

गला घोंटकर की गई हत्या

पुलिस के अनुसार 7 जनवरी को पिंटू ने नीरज को आनंद विहार, दिल्ली से बस द्वारा बुलंदशहर बुलाया। इसके बाद ऑटो से खुर्जा ले जाकर अगवाल कट के पास स्थित एक खाली प्लॉट में ले गया। वहां पिंटू ने गमछे से नीरज का गला दबाया और ईंट से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस को किया गुमराह

हत्या के बाद नीरज की पत्नी ने 12 जनवरी को थाना अशोक नगर, दिल्ली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, ताकि शक न हो। हालांकि पुलिस की सख्त पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया।

हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी पिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा और ईंट भी बरामद कर ली गई है।

एसपी सिटी का बयान

एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि अज्ञात शव की गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर नीरज की हत्या की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।