बाराबंकी में जर्मन दूल्हे संग सात फेरे विदेशी शादी बनी चर्चा का विषय

बाराबंकी संदेश महल
जिले में इन दिनों एक अनोखी शादी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उच्च शिक्षा के लिए विदेश गईं रुलन वर्मा ने जर्मनी के युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया। भारतीय संस्कृति के अनुरूप संपन्न इस विवाह समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विदेशी मेहमानों ने भी भारतीय परंपराओं का उत्साह के साथ अनुभव किया।
रेलवे में असिस्टेंट इंजीनियर राज कुमार वर्मा की बेटी रुलन वर्मा ने France से पीएचडी की है। वर्तमान में वह University of Vienna में प्रोफेसर एवं वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं। विदेश प्रवास के दौरान उनकी मुलाकात जर्मनी के एक युवक से हुई। दोनों के बीच मित्रता बढ़ी और बाद में विवाह का निर्णय लिया गया।
जिले के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित समारोह में हल्दी, मेहंदी, वरमाला और सात फेरे सहित सभी रस्में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुईं। जर्मन दूल्हा शेरवानी पहनकर मंडप में पहुंचा और भारतीय गीतों पर जमकर नृत्य किया। दूल्हा अपने परिवार के 16 सदस्यों के साथ विशेष रूप से भारत आया था।समारोह में शामिल विदेशी मेहमानों ने भारतीय परिधान धारण किए और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया। हिंदी न जानने के बावजूद उन्होंने “आई लव माई इंडिया” कहकर भारत के प्रति अपने स्नेह का इजहार किया।दुल्हन के चाचा एवं कुर्मी नेता आरसी पटेल ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। उनका कहना था कि यह विवाह दो परिवारों के साथ-साथ दो देशों की संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक है।हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न इस विवाह के बाद दुल्हन अपने पति के साथ जर्मनी के लिए विदा हो गईं। जिले में यह ‘विदेशी शादी’ अब चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।