सामाजिक समरसता से आपसी आपसी संबंध होते हैं मजबूत-दीपक सिंह सरल

बाराबंकी संदेश महल
जिले की नगर पंचायत बेलहरा के भटुवामऊ स्थित व्हाइट हाउस में शनिवार शाम ‘सैम खान फाउंडेशन’ और ‘वर्क फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वाधान में एक भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फिल्म डायरेक्टर और सैम खान फाउंडेशन के संस्थापक सैम खान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमें जाति, धर्म और मजहब की संकीर्ण सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चाहे इस्लामी धर्मग्रंथ हों या सनातनी परंपराएं, सभी का मूल संदेश मानव उत्थान और समाज की निस्वार्थ सेवा ही है। श्री खान ने अखंड भारत के निर्माण के लिए इंसानियत के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी एक ही ईश्वर की संतान हैं और जरूरतमंदों की मदद करना हमारा परम कर्तव्य है। उन्होंने आपसी मतभेदों को मिटाकर एकता स्थापित करने की आवश्यकता जताई, जिसके लिए वर्क फाउंडेशन निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में वर्क फाउंडेशन के सदस्य मोहम्मद आसिफ ने मानवता और सत्य के मार्ग को कलयुग से सतयुग की ओर ले जाने वाला बताया। वहीं, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन से दया और क्षमा का उदाहरण देते हुए सैम खान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में ‘सफर में मुश्किलें आए तो जुर्रत और बढ़ती है’ जैसी पंक्तियों के माध्यम से उत्साहवर्धन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। समाजसेवी वीरेंद्र सिंह के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुस्ताक खान,मंसूर खान, डॉक्टर नदीम सिद्दीकी और बिलाल अल हबीबी, मन्नू खान,आसिफ खान, आकिब खान, सैय्यद अनस,एहराज खान, लकी, शानू खान,राजा खान,इमरान खान सहित भारी संख्या में नगर और दूर- दराज से आए गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज उत्थान के इस संकल्प की खुले मन से सराहना की।