धनंजय मिश्रा
सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
अपराध नियंत्रण और रोकथाम की दिशा में सक्रिय सूरतगंज चौकी पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़कर उसके पास से धारदार चाकू बरामद किया।
चौकी प्रभारी उमेश कुमार वर्मा हमराह कांस्टेबल प्रवीण कुमार पटेल और कांस्टेबल आशीष कुमार के साथ क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। पुलिस टीम जैसे ही लकड़िया पुल रिछली के पास पहुँची, तभी बभनावा की ओर से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर अचानक पीछे मुड़कर तेज कदमों से जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम राजन कश्यप पुत्र मटोले कश्यप निवासी मौसण्डा, थाना मोहम्दपुर खाला, जनपद बाराबंकी (उम्र करीब 19 वर्ष) बताया। जामा तलाशी में उसकी जींस की बायीं जेब से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। बरामद चाकू की कुल लंबाई एक बालिस्त छः अंगुल है, जिसमें 10 अंगुल मुढ़िया और 9 अंगुल का फल है। चाकू को खोलने-बंद करने के लिए पीतल की रिपिट लगी हुई पाई गई।
जब युवक से चाकू रखने का लाइसेंस मांगा गया तो वह नहीं दिखा सका और गलती मानते हुए माफी मांगने लगा। पुलिस ने इसे धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध मानते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया के दौरान मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। कार्यवाही की वीडियोग्राफी कांस्टेबल प्रवीण ने अपने मोबाइल से की। गिरफ्तारी मेमो मौके पर तैयार कराकर अभियुक्त को अपराध की जानकारी दी गई।
बरामद चाकू को कपड़े में लपेटकर सील कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी जाएगी।
गौरतलब है कि अभियुक्त राजन को जब कार्यवाही की एक प्रति दी गई तो उसने मौके पर ही उसे फाड़कर फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।