
हीराराम सैन
सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
World TB Day के अवसर पर ममता संस्था एवं मैनकाइंड फार्मा के सहयोग से भटाना, दत्तानी और गौरेली में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को टीबी, सर्वाइकल कैंसर, ब्लड प्रेशर व डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।
भटाना के हनुमान चौक, दत्तानी ग्राम पंचायत परिसर के बाहर तथा गौरेली में विद्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रमों में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बीमारियों के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व को सरल भाषा में समझाया। कलाकारों की प्रस्तुति ने लोगों को खासा प्रभावित किया।
अभियान में लिशिता सोयल, जितेंद्र शर्मा, शिवांश तिवारी व अनिल मारवाड़ी ने प्रभावशाली अभिनय किया। वहीं कार्यक्रम में जीवितेश शर्मा, सागर विनोद गढ़वाल, रेनू संध्या सहित कई लोगों की सहभागिता रही।इस अवसर पर भटाना पीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ईश्वर एवं बुटाड़ी सब सेंटर के सीएचओ सुरेश की विशेष उपस्थिति रही। डॉ. ईश्वर ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।कार्यक्रम का संचालन ममता संस्था की ओर से मदीना बानू के निर्देशन में किया गया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।