बिबियापुर में तथागत भगवान बुद्ध एवं भीम ज्ञानवर्षा का शुभारंभ

जेपी रावत
रामनगर बाराबंकी संदेश महल
तहसील क्षेत्र के ग्राम बिबियापुर में बुद्ध धम्म सेवा समिति की ओर से आयोजित पांच दिवसीय ‘तथागत भगवान बुद्ध एवं भीम ज्ञानवर्षा’ कार्यक्रम का प्रथम दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे परिसर में “नमो बुद्धाय” व “जय भीम” के उद्घोष गूंजते रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं बुद्ध वंदना के साथ किया गया। कथा वाचिका अनामिका ने प्रथम दिवस पर तथागत भगवान बुद्ध के जन्म, त्याग और ज्ञान प्राप्ति के प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया। साथ ही डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए शिक्षा एवं समानता के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में शिक्षा और जागरूकता नहीं बढ़ेगी, तब तक समता का सपना अधूरा रहेगा।


दिवसीय सत्र दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक तथा रात्रि सत्र सात बजे से एक बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नरेश पाल, अम्बरीश कुमार मिश्रा और विद्यासागर पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि बुद्ध और बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
समिति के अध्यक्ष झब्बूलाल भारती, प्रबंधक छोटेलाल गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं। प्रथम दिन के सफल आयोजन पर समिति ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।