हीराराम
सिरोही राजस्थान संदेश महल
स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बावजूद पादर ग्राम पंचायत में हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। भटाना के नजदीक स्थित पादर गांव में आम चौराहे से लेकर गली-मोहल्लों तक कूड़े-कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार गोस्वामी वास के पास स्थित गली में पानी निकासी के लिए नाली की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण गली में पानी जमा रहता है और लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। वहीं पास में रावणा राजपूत समाज के कई मकान भी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन आज तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। उखड़े हुए रास्ते और मलबे के कारण स्थिति और भी खराब हो गई है।ग्रामीणों का कहना है कि राजस्थान सरकार द्वारा हर वर्ष पंचायतों को सीसी रोड और विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये का बजट दिया जाता है, लेकिन पादर पंचायत बनने के बाद भी इस गली में आज तक सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया। इस संबंध में कई बार सरपंच और विकास अधिकारी को अवगत कराया गया तथा ग्राम सभा में भी लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।हाल ही में गली में पानी भर जाने से स्थिति ज्यादा खराब हो गई तो स्थानीय निवासी बहादुर सिंह रावणा राजपूत ने अपने निजी खर्च से करीब पांच हजार रुपये की मिट्टी और मुरम डलवाकर रास्ते को थोड़ा चलने लायक बनवाया।ग्रामीणों का आरोप है कि रावणा राजपूत व गोस्वामी वास के बीच स्थित इस गली में आज तक न तो सीसी रोड बना और न ही नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की गई। जबकि पंचायतों को हर माह सफाई व्यवस्था के लिए बजट मिलता है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से गली की सफाई, नाली निर्माण और सीसी रोड बनवाने की मांग की है।