ग्राम चौपाल में सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं त्वरित निस्तारण के निर्देश

संतकबीरनगर संदेश महल
खलीलाबाद विकासखंड के ग्राम पंचायत अशरफाबाद में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें विधायक अंकुर राज तिवारी और जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सहभागिता कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को मौके पर ही जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।चौपाल में अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) जयप्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और उनकी समस्याएं सुनीं। पेंशन राशन कार्ड, बेसिक शिक्षाआईसीडीएस, स्वास्थ्य आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी पात्रों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील होकर जनसमस्याओं का समाधान करने की अपील की। साथ ही अपराधमुक्त जिले की अवधारणा पर बल दिया।जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चौपाल में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर ही समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। यदि वहां समाधान न हो सके तो तहसील व जिला स्तर की जनसुनवाई में निस्तारण किया जाए। “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के सिद्धांत पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने शौचालय, आवास, मनरेगा व आजीविका मिशन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग द्वारा भी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान ने विधायक व जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।