दो कारें आपस में भिड़ीं वैगनआर में लगी आग 5 की मौत 6 घायल

बाराबंकी संदेश महल
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात उस समय दिल दहला देने वाला हादसा हो गया जब सड़क किनारे खड़ी वैगनआर को तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगनआर करीब 200 मीटर दूर खिसकते हुए जा रुकी और अचानक धू-धू कर जल उठी।हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र के रतौली ढीह, प्वाइंट 51.6 के पास हुआ। वैगनआर में बैठे और बाहर खड़े कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ब्रेज़ा में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग दौड़े और गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकाला।सूचना पर पुलिस और एक्सप्रेसवे की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुँची और रेस्क्यू शुरू किया। घायलों को नज़दीकी अस्पताल भेजा गया है। मरने वालों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ब्रेज़ा की तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। रात के समय एक्सप्रेसवे पर वाहनों की स्पीड बढ़ने और अचानक ब्रेक लगाने से ऐसे हादसे बढ़ जाते हैं।