बाराबंकी संदेश महल समाचार
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 2 किलो 400 ग्राम अवैध ऑर्गेनिक अमेरिकन गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।टीम प्रभारी निरीक्षक अयनुद्दीन के नेतृत्व में एएनटीएफ ने लखनऊ जनपद के मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित यादव तिराहा सर्विस रोड पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार युवकों की पहचान सूरज सिंह पुत्र प्रमोद सिंह और सत्यम सिंह पुत्र जितेंद्र बहादुर सिंह, निवासी प्रतापगढ़, के रूप में हुई है। तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद गांजा उन्हें लखनऊ में रहने वाले एक सप्लायर ने उपलब्ध कराया था। इस अवैध नेटवर्क में एक अन्य तस्कर भी शामिल है। आरोपी अब तक 14–15 बार इसी किस्म का गांजा विभिन्न स्थानों पर सप्लाई कर चुके हैं।बरामद गांजा “ऑर्गेनिक अमेरिकन” किस्म का बताया जा रहा है, जो अधिक नशीला और बाज़ार में ऊंची मांग वाला माना जाता है।एएनटीएफ टीम आरोपियों से मिली जानकारियों के आधार पर सप्लायर समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।टीम में प्रभारी निरीक्षक अयनुद्दीन, उपनिरीक्षक कुलदीप शर्मा, पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, कौशल कुमार, सुनील राय, कांस्टेबल अभिषेक और कृष्ण कुमार शामिल रहे।