हीराराम सैन
सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
भटाना के निकट स्थित मकावल गांव में भारत सरकार की जल जीवन मिशन (जनता जल योजना) में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्राम पंचायत मकावल के वार्ड नंबर 4 के ग्रामीणों का कहना है कि यहां अब तक न तो नई पाइपलाइन बिछाई गई है और न ही नए पानी के कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे लोगों को आज भी पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड नंबर 4 में रबारी वास, सेन वास, ग्वारियों का वास, गोस्वामी वास सहित कई मोहल्लों के लोग रहते हैं, लेकिन यहां के निवासियों को आज भी नई पाइपलाइन का इंतजार है। पहले से लगी पुरानी पाइपलाइन कई जगह से टूट चुकी है, जिसके कारण उसमें भी पानी की आपूर्ति बंद हो गई है।ग्रामीणों का आरोप है कि दूसरी ओर गोलुआ क्षेत्र में नई पाइपलाइन डाल दी गई और कुछ स्थानों पर तो गोचर भूमि में बने घरों तक भी नए कनेक्शन दे दिए गए, जबकि वार्ड नंबर 4 में पुरानी आबादी होने के बावजूद पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है।बताया जा रहा है कि खेतलाजी मंदिर से सेन वास की ओर जाने वाली पाइपलाइन में बीच में बंद कर दिए जाने के कारण पिछले करीब छह महीनों से पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। वहीं गोदाजी रबारी के घर के सामने बने आवाडा में भी पशुओं के पीने के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पंचायत के अन्य वार्डों में 24 घंटे पानी की उपलब्धता है, जबकि वार्ड नंबर 4 के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। कई घरों में 5000 से 10000 लीटर तक की पानी की टंकियां भरी पड़ी हैं, जबकि कुछ गलियों में पानी सड़कों पर बहता दिखाई देता है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रशासन और विकास अधिकारी से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। पानी की समस्या से परेशान महिलाएं रोजाना दूर-दूर तक भटकने को मजबूर हैं।